शिमला। राजकीय महाविद्यालय धामी में शुक्रवार को मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य दिनेश सिंह कंवर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। साहित्य परिषद की उपाध्यक्ष रंजना ने प्रेमचंद के जीवन और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद की रचनाएं आज भी समाज की वास्तविकताओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती हैं। इस अवसर पर प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी कफन पर आधारित फिल्म दिखाई गई। विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने फिल्म देखने के बाद कहानी की समकालीन प्रासंगिकता पर विचार साझा किए। प्राचार्य दिनेश सिंह कंवर ने बताया कि प्रेमचंद का साहित्य सामाजिक चेतना और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम का संचालन मनीला गुप्ता ने किया। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और प्राध्यापक उपस्थित रहे। संवाद