ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़। मंगत प्लासी गांव के समीप तेंदुआ दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने किला प्लासी क्षेत्र में एक पिंजरा स्थापित कर दिया है, जबकि दो और पिंजरे जल्द लगाए जाएंगे। विधायक हरदीप बावा के निर्देश पर वन विभाग ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग का कहना है कि अतिरिक्त पिंजरों को आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगाया जाएगा, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका को कम किया जा सके और किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान से बचा जा सके। वन विभाग के सहायक अरण्यपाल मुकेश शर्मा ने ग्रामीणों से रात के समय जंगल या सुनसान स्थानों पर अकेले न जाने की अपील की है। साथ ही पालतू और दुधारू पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को देने का आग्रह किया है।