लीकेज के कारण अनाडेल के लिए जा रहा कम पानी, कंपनी को दिए दुरुस्त करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के टॉलैंड के बाद अब कैथू क्षेत्र में पेयजल लाइन टूटी हुई मिली है। इस पेयजल लाइन से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद बह रहा है, वहीं अनाडेल के लिए कम पानी की आपूर्ति हो रही है। पार्षद की शिकायत पर महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। महापौर ने कंपनी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया। यहां कारागार के समीप पेयजल लाइन में भारी लीकेज देखी गई। महापौर ने कंपनी के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जल्द इस लाइन को दुरुस्त किया जाए। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई महीने से यहां पानी बर्बाद बह रहा है। इसके चलते निचले इलाकों को कम पानी जाता है। महापौर ने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास कहीं भी लीकेज दिखे तो उन्हें या वार्ड पार्षद को सूचित किया जाए। कहा कि गर्मियों में पानी का संकट न हो, इसके लिए शहर में सभी टूटी हुई पेयजल लाइनों को दुरुस्त करवाया जा रहा है। कंपनी ने लीकेज से इन्कार किया था, लेकिन अब तक शहर में पांच जगह बड़ी पेयजल लाइनों में लीकेज मिली है जिससे लाखों लीटर बर्बाद बह रहा है। इन्हें दुरुस्त करवाया जा रहा है।