शिमला। सर्कुलर रोड पर बुधवार को बैमलोई के पास हिल साइड पर लगा डंगा दरक गया। भारी बारिश के कारण इस डंगे पर पहले ही दरारें पड़ चुकी थीं। बुधवार को डंगे से मलबे समेत कुछ पत्थर सर्कुलर रोड पर गिर गए। इस डंगे के ऊपर बनी बैमलोई हाईकोर्ट संपर्क सड़क को बुधवार दोपहर बाद बंद कर दिया गया है। इस सड़क पर छोटे वाहनों की आवाजाही होती है। फिलहाल यह आवाजाही बंद कर दी गई है। सर्कुलर रोड पर लगे डंगे की मरम्मत के बाद ही इसे खोला जा सकता है। सर्कुलर रोड पर इससे पहले हिमलैंड के पास भी डंगा दरक चुका है। इससे यहां एक मकान को भी खतरा पैदा हो गया है। अब बैमलोई के पास बना डंगा दरकने लगा है। फिलहाल सर्कुलर रोड को तो इससे खतरा नहीं है, लेकिन यदि इसकी मरम्मत न की गई तो आने वाले दिनों में यह डंगा ढह सकता है। ब्यूरो