शिमला। मैहली-आनंदपुर-शोघी मार्ग सोमवार शाम को भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गया। इस वजह से सेब से लदे वाहनों समेत स्थानीय लोगों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मामला सोमवार शाम करीब 5:00 बजे का बताया जा रहा है जब भूस्खलन होने से पेड़ और मलबा सड़क पर जा गिरा। इस वजह से वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई और कुछ ही समय में वाहनों की कतार लग गई। मामले की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी को मौके पर भेजा और एक घंटे के भीतर मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। मार्ग से भट्ठाकुफर फल मंडी समेत अपर शिमला से सेब की फसल सोलन, चंडीगढ़, दिल्ली समेत दूसरे राज्यों के लिए भेजी जाती है। ब्यूरो