शिमला। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मशोबरा में शनिवार को सड़क सुरक्षा विषय पर इंटर हाउस भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर दो वर्गों में आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, प्रतियोगिता में स्कूल के चारों सदनों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग में मेजर ध्यानचंद सदन की लक्षिता ने प्रथम, एपीजे अब्दुल कलाम सदन की करुणा ने द्वितीय तथा कल्पना चावला सदन की हर्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में कल्पना चावला सदन की ललिता प्रथम, एपीजे अब्दुल कलाम सदन की रितिका ठाकुर द्वितीय और मेजर ध्यानचंद सदन की वृतिका तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यालय के सड़क सुरक्षा क्लब के प्रभारी दीपक कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य है। प्रधानाचार्य मीनाक्षी सूद ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बहुमूल्य जीवन की रक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ा विषय है। संवाद