कुल्लू और शिमला अब अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अमृतसर से जुड़ेंगे। कुल्लू-अमृतसर के बीच पहली अक्तूबर से उड़ानें शुरू होंगी। ये उड़ानें हफ्ते में तीन बार यानी सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होंगी। जबकि शिमला-अमृतसर के बीच पहली नवंबर से हफ्ते में तीन बार हवाई सेवाएं संचालित की जाएंगी। उधर, एलायंस एयर ने कुल्लू-अमृतसर के लिए टिकट की बुकिंग भी शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए नई उड़ानें शुरू होने से घरेलू-अंतरराष्ट्रीय पर्यटक लाभान्वित होंगे। वहीं, उनकी कुल्लू-मनाली, लाहौल-स्पीति के पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। सरकार पर्यटन और आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए हेलीपोर्ट स्थापित करने पर भी ध्यान दे रही है। सरकार प्रमुख पर्यटन स्थलों तक हवाई सेवा को विस्तार दे रही है।
शिमला के जुब्बड़हट्टी, कुल्लू के भुंतर और कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे पर बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। हवाई सेवा नेटवर्क को और मजबूत करते हुए बड़े विमानों की लैंडिंग को आसान बनाने के लिए कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार किया जा रहा है। शिमला, बद्दी, रामपुर और कांगनीधार में नए हेलीपोर्ट विकसित किए हैं। मनाली में एक और हेलीपोर्ट बनाने की योजना है।
कुल्लू से अमृतसर के लिए लगेगा 2,637 किराया
कुल्लू से अमृतसर के लिए सुबह 8:25 बजे उड़ान भरी जाएगी। सुबह 9:30 बजे अमृतसर पहुंचेगी। अमृतसर से वापसी की उड़ान सुबह 10 बजे होगी और 11:05 बजे कुल्लू पहुंचेगी। रूट पर 50 प्रतिशत सीटों पर उपदान उपलब्ध रहेगा। ऐसे में कुल्लू से अमृतसर सेक्टर के लिए हवाई किराया 2,637 रुपये और अमृतसर से कुल्लू के लिए 3,284 रुपये होगा।