शिमला। हिमाचल किसान सभा ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की खस्ता हालत पर चिंता जताई है। सभा ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए वैज्ञानिक, सुरक्षित और टिकाऊ सड़क नेटवर्क बेहद जरूरी है। सभा के राज्य अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तंवर ने बताया कि वन संरक्षण अधिनियम के तहत स्वीकृत प्रमुख सड़क परियोजनाएं बहुत कम हैं। इसमें जो सड़कें बनी हैं, उनका समय पर रखरखाव न होने के कारण वह भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में कोई नई सड़क परियोजना निर्माणाधीन नहीं है। सभा ने पूरे क्षेत्र की सड़क व्यवस्था का विशेषज्ञों से वैज्ञानिक सर्वेक्षण करवाने और एक समग्र दीर्घकालिक मास्टर प्लान तैयार करने की मांग की है। संवाद