केसीसी बैंक के चेयरमैन कुलदीप पठानिया ने कहा कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के नॉन परफार्मिंग असेट्स (एनपीए) में एक वर्ष में 23 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई है। मार्च 2022 में बैंक का एनपीए 1227 करोड़ रुपये था। जनवरी 2023 तक 23 करोड़ रुपये रिकवर किया है। अब भी बैंक का 1204 करोड़ रुपये रिकवर करना बाकी है।
सोमवार को धर्मशाला में बैंक मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में चेयरमैन कुलदीप पठानिया ने कहा कि ग्राहकों के लिए भीम यूपीआई सेवा उपलब्ध हो गई है। एक मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने शिमला में बैंक की भीम यूपीआई सेवा का शुभारंभ किया है। इसके साथ नए पेंशन उत्पाद ‘स्वधन ई पेशन जीओवी का भी शुरू कर दिया है। एक दिन में यूपीआई की औसतन 7410 ट्रांजेक्शन हो गई है।
नए पेंशन उत्पाद के तहत बैंक शाखाओं में पेंशन लेने वाले ग्राहकों को हमारे ई सैलरी उत्पाद की तरह सभी बैंकिंग सुविधाएं फ्री रहेंगी। साथ में दस लाख रुपये का दुर्घटना बीमा व लॉकर सुविधा में 25 प्रतिशत की विशेष छूट पेंशन धारकों को मिलेेगी। आने वाले समय में युवाओं और पेंशन वेतनभोगी लोगों को बैंक के साथ जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
पठानिया ने कहा कि उन्होंने अपने छोटे से कार्यकाल में प्रमुख निर्णय लेकर बैक को स्थायी महाप्रबंधक दिए हैं। एक सवाल का जबाव देते हुए कहा कि चेयरमैन और निदेशकों की ओर से बैंक में कर्मचारियों की ट्रांसफर को लेकर डीओ नोट बनाने की प्रथा बंद नहीं होगी। निदेशक जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक उनके कार्यकाल में कोई बड़ा लोन पास नहीं हुआ है।
बैंक को मिले दो महाप्रबंधक
पठानिया ने कहा कि बैंक के दो उपमहाप्रबंधकों को महाप्रबंधक पद पर प्रमोट किया है। इसके अलावा तीन सहायक महाप्रबंधकों को उप महाप्रबंधक, 15 वरिष्ठ प्रबंधकों को सहायक महाप्रबंधक, 50 प्रबंधकों को वरिष्ठ प्रबंधक, 83 सहायक प्रबंधकों को प्रबंधक और 50 चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को जूनियर क्लर्क पद पर प्रमोशन दी है।
बैंक में 503 जूनियर क्लर्क को सीनियर क्लर्क, छह कंप्यूटर ऑपरेटर को सीनियर कंप्यूटर ऑपरेटर, दो स्टेनो टाइपिस्ट को सीनियर स्टेनो, 126 पीसीसी को चतुर्थ श्रेणी कर्मी और 97 एचसीपी को पीसीसी पद पर प्लेसमेंट आदेश जारी किए हैं।