महिला कबड्डी में बिलासपुर व पुरुष बास्केटबाल में ऊना विजेता
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की महिला अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता बिलासपुर कॉलेज ने जीत ली है। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री रहे। गौतम महाविद्यालय के सचिव डॉ. रजनीश गौतम ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और शॉल, टोपी पहनाकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए गौतम महाविद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा की। उन्होंने युवा पीढ़ी के चहुमुखी विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग लेने को कहा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल मुकाबलों में राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर ने राजकीय महाविद्यालय संजौली को 43-22 से और राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने सुंदरनगर को 35-21 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच में राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला को रोमांचक मुकाबले में हराया। तीसरे स्थान के लिए राजकीय महाविद्यालय संजौली और सुदंरनगर में मुकाबला हुआ। इसमें राजकीय महाविद्यालय सुंदरनगर विजयी रहा। पहली बार तीसरे स्थान के लिए मुकाबला करवाया गया। मुख्य अतिथि ने विजेता टीमों को सम्मानित किया।
सरकाघाट को हराकर पीजी कॉलेज ऊना बना बास्केटबाल विजेता
वहीं, नगर परिषद मैदान कांगड़ा में इंटर कॉलेज बास्केटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में पीजी कॉलेज ऊना की टीम ने राजकीय डिग्री कॉलेज सरकाघाट की टीम को 80- 64 अंकों से हराया विजेता का खिताब जीता। समापन समारोह में प्रदेश विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने संबोधन में कहा कि विवि ने कॉलेजों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अपने वार्षिक बजट में तीन फ़ीसदी की बढ़ोतरी की है। विवि के दो वर्ष के भीतर पेपरलैस करने के लिए प्रयासरत है। विवि में दो वर्ष के भीतर बारह नए विभिन्न विभाग में शुरू किए गए हैं। ताकि प्रदेश के युवाओं को तकनीकी और उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना पड़े। डीएवी कॉलेज कांगड़ा के प्रिंसिपल डॉ. बलजीत सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर कॉलेज मैनेजमेंट कमेटी के अजय वर्मा, नगर पार्षद अशोक शर्मा, प्रदेश बास्केटबाल संघ के सचिव अजय सूद, संदीप मित्तल मौजूद रहे।
हमीरपुर, सुंदरनगर, ऊना की टीमें सेमीफाइनल में पहुंची
उधर, ऐतिहासिक चौगान मैदान में चल रही अंतर महाविद्यालय फुटबाल प्रतियोगिता में तीसरे दिन फुटबाल खिलाड़ियों ने जमकर दमखम दिखाया। सोमवार को हमीरपुर, सुंदरनगर, ऊना की टीमें अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची। हमीरपुर ने कांगड़ा को 3-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसी तरह सुंदरनगर ने नदौन को 3-1 से और ऊना ने शिमला को 4-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। शारीरिक शिक्षा के सहायक प्रोफेसर डॉ. जफर अली ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबले सुबह सात बजे से शुरू होंगे और फाइनल भी मंगलवार को ही खेला जाएगा।