लोहे का रैंप बनाने को लेकर हुआ विवाद, तीन अलग-अलग एफआईआर दर्जकर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। चलौंठी क्षेत्र में दो पक्षों में चल रहे भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में पुलिस कांस्टेबल समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। मामला उस समय का है, जब एक पक्ष की ओर से लोहे का रैंप बनाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामले की सूचना मिलते ही संजौली पुलिस थाने से टीम मौके पर पहुंची लेकिन इस दौरान मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हुई मारपीट में पुलिस कांस्टेबल समेत तीन लोगों को चोटें आ गईं। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामले दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। इस घटना में पुलिस कांस्टेबल सुनील की आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार मामला शनिवार का बताया जा रहा है जब एक पक्ष लोहे का रैंप बनवा रहा था। इस दौरान दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। संजौली पुलिस स्टेशन ने एएसआई कुलदीप कुमार कांस्टेबल सुनील के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। इस दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर मारपीट के आरोप लगा रहे हैं। इस मारपीट में पुलिस कांस्टेबल समेत तीन लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने अनीता ठाकुर और सुरेंद्र चौहान की ओर से मिली शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है जबकि कांस्टेबल सुनील की ओर से दी शिकायत के आधार पर भी तीसरा मामला दर्ज किया है।