शिमला। सड़क पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं को देखते हुए राजकीय महाविद्यालय धामी के सड़क सुरक्षा क्लब की ओर से ऑनलाइन जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। सभा में सड़क सुरक्षा क्लब के संयोजक डॉ. गौरव शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने यातायात संकेतों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर कई जानें बचाई जा सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा क्लब की प्रधान याचना ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस सभा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया। संवाद