शिमला। कृषि विज्ञान केंद्र शिमला ने एक महत्वपूर्ण आउटरीच पहल की शुरुआत की। इसमें केंद्र सरकार द्वारा चल रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत जिले के सात विभिन्न ब्लॉकों में तीन विशेषज्ञ टीमों को तैनात किया है। यह टीमें किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी दे रही हैं। टीमों में कृषि विज्ञान केंद्र शिमला और क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान और प्रशिक्षण स्टेशन मशोबरा के वैज्ञानिकों के साथ प्रदेश के कृषि, बागवानी और संबद्ध विभागों के अधिकारी शामिल हैं। अब तक कुपवी (डाक, बावत, धार, जुरू शिलाल), चौपाल (नेरवा, केडी, चोपाल), रोहड़ू (सुंगरी, शरोग, बिजोरी, लोअरकोटी, शेखल) और चिरगांव (खासधार, जाबल, टिक्करी, जखनोटी) ब्लॉक के विभिन्न गांवों का कृषि विज्ञान केंद्र शिमला की दो टीमों द्वारा दौरा किया है। इस पहल का उद्देश्य वैज्ञानिक प्रगति और कृषि पद्धतियों के बीच अंतर को कम करना है। कृषि विज्ञान केंद्र शिमला की प्रभारी एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. उषा शर्मा जिला स्तर पर कार्यक्रम की देखरेख कर रही हैं। संवाद