शिमला। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मशोबरा में छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए तीन दिवसीय ऑन जॉब ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा की 26 छात्राओं को ब्यूटी थैरेपी, हेयरड्रेसिंग, मेहंदी कला, फेसियल, मालिश, बालों की देखभाल, मेकअप और सौंदर्य सेवाओं से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त कर नई-नई तकनीकों को सीखा। विद्यालय की सौंदर्य एवं स्वास्थ्य विषय की अध्यापिका अनु कुमारी के नेतृत्व में विद्यार्थियों को शिमला के सरस्वती महिला प्रशिक्षण केंद्र ऑकलैंड शिमला का भ्रमण भी करवाया गया। अधीक्षक रूपा सूद और रेनू ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं सौंदर्य क्षेत्र से संबंधित व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी दी। अनु कुमारी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य मकसद विद्यार्थियों को औपचारिक कक्षा शिक्षण के साथ व्यावहारिक, रोजगारोन्मुख और कौशल आधारित अनुभव प्रदान करना है। प्रधानाचार्य डॉ. अनीता गुप्ता ने कार्यक्रम की सराहना की। संवाद