शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान प्रणाली और गणित ज्ञान केंद्र का शुभारंभ हुआ। इस केंद्र का उद्देश्य प्राचीन भारतीय ज्ञान को संरक्षित कर आधुनिक शिक्षा में एकीकृत करना है। इससे छात्रों के चरित्र निर्माण और अनुसंधान को नया आयाम मिलेगा।
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने वीरवार को विश्वविद्यालय के रामानुजन केंद्र भारतीय ज्ञान प्रणाली और भारतीय गणित ज्ञान प्रणाली केंद्र का शुभारंभ किया। कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने कहा कि इस केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपराओं को संरक्षित करना, उन्हें बढ़ावा देना और आधुनिक संदर्भों में एकीकृत करना है। केंद्र के माध्यम से वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए प्राचीन ग्रंथों से प्राप्त ज्ञान को अनुसंधान, सामाजिक अनुप्रयोग और छात्रों के चरित्र निर्माण में उपयोग किया जाएगा। इस मौके पर केंद्र के निदेशक प्रो. जोगिंदर धीमान, पूर्व प्रति कुलपति प्रो. ज्योति प्रकाश, अधिष्ठाता प्रो. हरि मोहन और निदेशक सीडीओई प्रो. प्रदीप कुमार मौजूद रहे। ब्यूरो