पहले टी-20 मैच में दोनों टीमें जीत दर्ज करना चाहेंगी। आईसीसी रैंकिंग में खराब फॉर्म में चल रही दक्षिण अफ्रीका टीम अभी भी 261 रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि एक के बाद एक सीरीज में जीत दर्ज करवा रही भारतीय टीम 262 अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया के साथ चौथे स्थान पर है।
सात सितंबर को आईसीसी की जारी इस रैंकिंग को सुधारने का भारतीय टीम के पास मौका है। एचपीसीए के पूर्व निदेशक एवं मुख्य कोच रहे विक्रम राठौर धर्मशाला स्टेडियम से ही अपने नए करिअर की शुरुआत करेंगे।
विक्रम राठौर संजय बांगड़ के स्थान पर हाल ही में भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच बने हैं। विक्रम राठौर भारत के लिए छह टेस्ट और सात वनडे मैच खेल चुके हैं। राठौर ने उत्तर क्षेत्र से राष्ट्रीय चयनकर्ता के रूप में भी काम किया है।
संजय मांजरेकर-पठान भी पहुंचे धर्मशाला
गगल हवाई अड्डे पर दोपहर को एयर इंडिया के विमान से पूर्व भारतीय दिग्गज संजय मांजरेकर, इरफान पठान और कमेंटेटर हर्ष भोगले भी धर्मशाला पहुंचे। उनके आने की किसी को कोई सूचना नहीं थी। अचानक अपने बीच पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों को पा कर उनके प्रशंसक खासे उत्साहित हुए और उनके साथ फोटो भी ली।