शिकायत के बाद मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम, फुटपाथ से लेकर सड़क पर सजी मिलीं दुकानें
शाम होते ही रिज तक दुकानें सजाने पहुंच रहे तहबाजारी, फैला रहे कचरा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के लक्कड़ बाजार में तहबाजारियों के अतिक्रमण से अब आईजीएमसी अस्पताल आने-जाने वाली एंबुलेंस भी फंस रही है। यहां तहबाजारियों ने सड़क से लेकर फुटपाथ तक पर दुकानें सजा दी हैं।
यही नहीं शाम होते ही कई तहबाजारी अंडे, बर्गर बेचने के लिए रिज मैदान तक दुकानें सजा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की संपदा शाखा की टीम बुधवार को बाजार के औचक निरीक्षण पर निकली। इस दौरान पाया कि कई तहबाजारियों ने सड़क पर मनमर्जी से सामान सजा रखा है। कई जगह फुटपाथ पर भी दुकानें सजी हैं। इसके चलते लोगों को सड़क पर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। नगर निगम टीम ने इनके पहचान पत्र चेक किए तो कई तहबाजारी ऐसे भी मिले जिन्हें यहां दुकानें लगाने की अनुमति नहीं है। निगम टीम ने इन्हें यहां से उठा दिया। मनमर्जी से दुकानें सजा रहे तहबाजारियों को भी सामान समेटने के निर्देश दिए। निगम टीम के अनुसार तहबाजारियों को अंतिम चेतावनी दे दी गई है। इसके बाद वीरवार से अतिक्रमण मिला तो इनका सामान जब्त कर लिया जाएगा।