थाना टाहलीवाल पुलिस ने दुलैहड़ गांव में एक घर के पास अफीम की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से अफीम के 423 पौधे बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने रेखा देवी पत्नी कुलविंद्र निवासी दुलैहड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार टाहलीवाल पुलिस को बुधवार सुबह गुप्त सूचना मिली कि दुलैहड़ गांव में एक घर के पास बड़े स्तर पर अफीम की खेती की गई है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। मौके पर देखा कि घर के पास खेत में तैयार की गई क्यारियों में अफीम के पौधे लगे हुए हैं। इसके बाद पौधों को तुरंत नष्ट किया गया। पौधों की गिनती कर पर संख्या 423 पाई गई। पुलिस टीम ने सभी पौधे जब्त कर लिए। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है। क्षेत्र में नशे की बुराई को पनपने नहीं दिया जाएगा।