. शनिवार रात लगी आग रविवार दिनभर जंगल में धधकती रही
विज्ञापन
. वन्य जीवों पर भी बरपा कहर, रातभर सुनाई देती रहीं बंदरों की चीखें
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उप तहसील नित्थर की पलेही पंचायत के गोथना गांव के साथ लगते जंगल में शनिवार रात को लगी आग ने भारी तबाही मचाई। आग की चपेट में आने से कई चीड़ के पेड़ जलकर राख हो गए। वहीं, कुछ महीने पहले ही रोपे गए चीड़, शीशम और अन्य प्रजातियों के छोटे पौधे भी राख हो गए। जंगल में लगी आग से वन्य जीवों को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। ग्रामीणों के अनुसार पूरी रात जंगल से बंदरों की चीखने की आवाजें सुनाई देती रहीं। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:00 बजे जंगल में आग लगी। रात का समय होने के कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका और देखते ही देखते लपटों ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग रविवार को भी दिनभर सुलगती रही। इसके चलते रेची और उर्मु गांव के आसपास का जंगल भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने कहा कि आग की चपेट में आने से बड़ी संख्या में छोटे-बड़े पेड़ और पौधे नष्ट हो गए। साथ ही जंगल में रहने वाले कई जीव-जंतुओं की भी मौत हुई है। आग की ऐसी घटनाओं से महिला मंडलों, युवक मंडलों और विभिन्न संस्थाओं की ओर से पौधरोपण के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी नुकसान पहुंच रहा है। उधर, वन परिक्षेत्र अधिकारी नित्थर वन परिक्षेत्र सोहन लाल नेगी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सूखे के इस मौसम में जंगलों में आग न लगाएं और न ही लापरवाही बरतें। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे जंगल और क्षेत्र की वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। जंगलों को बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नित्थर के जंगलों में भड़की आग से क्षेत्र में फैला धूंआ। संवाद