जुन्गा (शिमला)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पीरन में एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इसमें 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 10 किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीका लगाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ट्रहाई की चिकित्सा अधिकारी दिव्या वर्मा ने बताया कि एचपीवी एक सामान्य वायरल संक्रमण है। यह महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। किशोरावस्था में लगाया गया यह टीका अधिक प्रभावी होता है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर डुब्लू की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रानी ठाकुर ने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य राकेश वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।