हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। ये परीक्षाएं अक्तूबर और नवंबर में हुई थी। बीए प्रथम वर्ष नियमित बैच का पास प्रतिशत 97.17 रहा। वहीं जनवरी बैच का परिणाम अपेक्षाकृत कम रहा। इसमें 65.06 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। बीएससी प्रथम वर्ष नियमित बैच में 94.01 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। बीकॉम प्रथम वर्ष नियमित बैच का परिणाम सबसे बेहतर रहा जहां 98.41 प्रतिशत छात्र पास हुए। हालांकि, बीकॉम प्रथम वर्ष जनवरी बैच में केवल 50 प्रतिशत छात्र ही परीक्षा पास कर सके। ऑनर्स पाठ्यक्रमों में रीअपियर श्रेणी के तहत बीएससी ऑनर्स प्रथम वर्ष का पास प्रतिशत 50 रहा जबकि बीए ऑनर्स प्रथम वर्ष में 83.33 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। पास प्रतिशत में कंपार्टमेंट वाले भी शामिल किए हैं। विवि के परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल ने बताया कि छात्र अपने लॉगिन आईडी से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर परिणाम देख सकते हैं।