पुनर्निरीक्षण-पुनर्मूल्यांकन के लिए 30 तक करें आवेदन
शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के लिए 30 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुनर्मूल्यांकन के लिए 1,000 और पुनर्निरीक्षण के लिए 800 रुपये प्रति विषय की दर से शुल्क देना होगा। पुनर्मूल्यांकन के लिए संबंधित विषय में कम से कम 20 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं।
पहले तीन स्थान
1. साईना ठाकुर
अंक 696 / 700 99.43%
स्कूल न्यूगल माॅडल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल भवारना
2. रिदिमा शर्मा
अंक 695 /700 99.29%
स्कूल आरके सीनियर सेकंडरी पब्लिक स्कूल घंडालवीं
3. मुदिता शर्मा
अंक 694/700 99.14%
स्कूल माॅडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्वारघाट
4. पर्णिका शर्मा
अंक 694/700 99.14%
स्कूल मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं
कंप्यूटर साइंस में कॅरिअर बनाने का सपना : साईना
न्यूगल पब्लिक स्कूल भवारना की छात्रा साईना ठाकुर ने हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से घोषित दसवीं कक्षा के परिणाम में प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। साईना ने कहा कि उसका लक्ष्य कंप्यूटर साइंस विषय में कॅरिअर बनाना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा शक्ति चंद, दादी कमला देवी, माता पूनम देवी और पिता संजीव कुमार सहित स्कूल प्रबंधन और अध्यापकों को दिया है। वर्तमान में साईना 11वीं कक्षा में नॉन मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं। साईना के पिता निजी क्षेत्र में नौकरी करते हैं और माता गृहिणी हैं। विद्यालय चेयरमैन अंकुर कटोच, निदेशक अशोक कटोच और प्रधानाचार्या निशा गुलेरिया ने इस शानदार सफलता पर बेटी और उसके माता-पिता को विशेष रूप से बधाई दी और समस्त स्टाफ को इस सफलता का श्रेय दिया। प्रधानाचार्या निशा गुलेरिया ने बताया कि साईना कक्षा नर्सरी से इस विद्यालय में पढ़ रही है और पढ़ाई के अतिरिक्त भाषण प्रतियोगिता, कला स्पर्धा और अन्य गतिविधियों में भी अग्रणी है। रात दो बजे तक पढ़ना और अध्यापकों से हर तरह से विषय वस्तु पर ज्ञान लेना भी काम आया। साईना ने कहा कि उनके परिजनों ने सदैव पढ़ने के लिए उन्हें प्रेरित किया है।
आईएएस बनकर देश सेवा करेंगी रिद्धिमा
बोर्ड की मेरिट सूची में 99.29 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल करने वाली राधा कृष्णा पब्लिक स्कूल घंडालवीं की रिद्धिमा शर्मा ने सफलता का श्रेय अभिभावकों और अध्यापकों को दिया है। बताया कि स्कूल के बाद पांच से छह घंटे पढ़ाई की है। जब किसी विषय में परेशानी होती, तो अध्यापकों का पूरा सहयोग मिला। लक्ष्य आईएएस बनकर देश की सेवा करने का है। पिता नरेश कुमार एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। माता अनीता कुमारी गृहिणी हैं।
डॉक्टर बनना चाहती है 99.14 प्रतिशत अंक लेने वाली मुदिता शर्मा
स्वारघाट के गुज्जर हट्टी स्थित मॉडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा मुदिता शर्मा ने 99.14 फीसदी अंक लेकर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। मुदिता डॉक्टर बनना चाहती हैं। मुदिता का कहना है कि स्कूल में अध्यापक जो भी पढ़ाते थे उसी के आधार पर तैयारी करती थीं। मुदिता ने बताया कि प्रतिदिन छह से सात घंटे तक पढ़ाई की। मुदिता के पिता पंकज शर्मा दुकानदार और माता गृहिणी हैं। छात्रा ने बताया कि गणित और कंप्यूटर साइंस में शत प्रतिशत अंक लिए हैं। उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता व स्कूल के अध्यापकों को दिया। वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य आरए ठाकुर ने तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली मुदिता को मिठाई खिलाकर उसे बधाई दी।
प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती हैं पर्णिका
बोर्ड की मेरिट सूची में 99.14 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल करने वाली मिनर्वा स्कूल घुमारवीं की पर्णिका शर्मा ने सफलता का श्रेय माता-पिता और अध्यापकों को दिया है। बताया कि स्कूल के बाद चार से पांच घंटे पढ़ाई की है। जब भी किसी विषय में कठिनाई होती, तो शिक्षक और माता-पिता पूरा सहयोग करते थे। पढ़ाई के प्रति समर्पण और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी रहे। लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करने का है, जिसकी तैयारी शुरु कर दी है। प्रशासनिक सेवा के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे संपर्क में आकर हल किया जा सकता है। पिता अजय कुमार रसायन के प्रवक्ता हैं। माता कुसुमलता टीजीटी साइंस है।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड ने जारी किए दूरभाष नंबर
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से मार्च 2025 में दसवीं कक्षा के नियमित, अतिरिक्त विषय, श्रेणी सुधार व अनुपूरक परीक्षा के परीक्षार्थियों की परीक्षा संचालित की गई थी। परीक्षार्थी अपना रोल नंबर डालकर एचपीबीओएसई आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जाकर परिणाम चेक कर सकते हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड मुख्यालय में कार्य दिवस के दौरान दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम से संबंधित जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01892-242119 (शिमला, सिरमौर, लाहाैल-स्पीति, किन्नौर), 01892-242128 (कुल्लू, ऊना, सोलन), 01892-242148 (हमीरपुर, चंबा, बिलासपुर), 01892-242149 (कांगड़ा) 01892-242151 (मंडी) पर सुबह 10:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई दी
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित दसवीं की बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई दी। स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा दसवीं की परीक्षा का परिणाम आज घोषित किया गया। मुख्यमंत्री ने उत्तीर्ण विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उल्लेखनीय परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, निरंतरता और पढ़ाई के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने माता-पिता, शिक्षक एवं शुभचिंतकों के योगदान को सदैव याद रखना चाहिए, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन में कड़ी मेहनत, समर्पण, ईमानदारी और निष्ठा से ही कठिन से कठिन लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है।
बीते साल भी रहा था बेटियों का दबदबा
2024 में 10वीं कक्षा के 91,130 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। 67988 विद्यार्थी पास हुए हैं। टाॅप टेन मेरिट सूची में कुल 92 विद्यार्थी शामिल रहे थे। तीसरे स्थान पर तीन विद्यार्थी रहे। टाॅपरों में 22 सरकारी और 70 निजी स्कूल के थे। प्रथम 10 स्थानों में 92 में से 71 बेटियां रहीं थीं। परीक्षा परिणाम 74.61 फीसदी रहा था।