हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय कुंडू को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की कुर्सी वापस दे दी है। 2 जनवरी 2024 को कार्मिक विभाग ने संजय कुंडू को प्रधान सचिव आयुष नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की थी। कार्मिक विभाग ने अब प्रधान सचिव आयुष के पद पर उन्हें नियुक्त करने संबंधी अधिसूचना वापस ले ली है। जिला कांगड़ा के एक कारोबारी के साथ हुए विवाद के बीच हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने डीजीपी संजय कुंडू को बदलने के निर्देश दिए थे। हाईकोर्ट के इन आदेशों के खिलाफ संजय कुंडू सुप्रीम कोर्ट गए थे। सुप्रीम कोर्ट से उन्हें राहत मिलने के बाद अब सरकार ने भी तबादला आदेशों को वापस ले लिया है।