शिमला। राजधानी शिमला में शनिवार को वीकेंड पर पर्यटकों की चहल-पहल देखने को मिली। मालरोड और रिज मैदान पर दिनभर सैलानियों की आवाजाही बनी रही। पर्यटकों ने मालरोड पर सेल्फी खिंचवाई और रोपवे व घुड़सवारी का आनंद लिया। कई पर्यटक टैक्सी से जाखू मंदिर पहुंचे, जबकि कुछ ने स्कैंडल पॉइंट से पैदल रास्ते से होते हुए माता कालीबाड़ी मंदिर में दर्शन किए। शहर में सुबह से ही पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कार्टरोड स्थित पार्किंग में वाहन खड़े करने के बाद पर्यटक एचपीटीडीसी की लिफ्ट से मालरोड पहुंचे। दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा से आए सैलानियों की मौजूदगी से शहर के बाजारों में रौनक रही। होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि शनिवार शाम तक शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी करीब 35 फीसदी दर्ज की गई। शहर में 600 से अधिक होटल और बेड एंड ब्रेकफास्ट (बीएंडबी) इकाइयां हैं। इनके अलावा भी पर्यटक शहर के आसपास के पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं। ब्यूरो