शिमला। राजधानी में मानसून की दस्तक के बाद समर सीजन के अंतिम दौर में पर्यटन कारोबार की रफ्तार धीमी पड़ना शुरू हो गई है। शहर के होटलों में बीते वीकेंड की तुलना में 30 से 40 फीसदी बुकिंग घटी है। इसका सीधा असर पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है। आमतौर पर वीकेंड पर गुलजार रहने वाले मालरोड, रिज, कुफरी और आसपास के पर्यटन स्थलों पर शनिवार को अपेक्षाकृत कम चहल-पहल देखने को मिली। वीकेंड पर होटलों में जहां 50 से 60 फीसदी बुकिंग रहती थी वहीं इस बार 30 फीसदी रह गई है। लोअर बाजार के कारोबारी तरुण राणा ने बताया कि बाहरी बीते दिनों हुई लगातार बारिश के कारण पर्यटकों की आवाजाही में कमी आई है जिसका सीधा असर पर्यटकों की यात्रा योजनाओं पर पड़ रहा है। पंजाब से आए पर्यटकों निधि, तानिया, जगजीत सिंह और अनुप्रिया ने कहा कि वह गर्मी से राहत के लिए शिमला आए थे। यहां का मौसम बहुत अच्छा है, हर जगह हरियाली है लेकिन लगातार बारिश से उन्हें बाहर घूमने के लिए बहुत कम मौका मिला है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने कहा कि जून के अंतिम सप्ताह तक जहां अधिकांश होटलों में अच्छी बुकिंग थी, वहीं इस वीकेंड में होटलों में 20 से 30 फीसदी ही कमरे बुक रहे। इसका मुख्य कारण मौसम की मार है। संवाद