राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया सम्मानित, कई लोकप्रिय दैनिक धारावाहिकों में काम कर चुके हैं आर्यन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अभिनेता एवं फिल्म निर्माता आर्यन हरनोट को अभिनय और निर्देशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित बिग इंपैक्ट अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। रविवार को शिमला के होटल रेडिसन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने आर्यन को यह सम्मान दिया। यह पुरस्कार 95 बिग एफएम की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया गया। आर्यन हरनोट मूल रूप से शिमला के ही निवासी हैं। दिया और बाती हम, फुलवा, कामना, तुम देना साथ मेरा, परवरिश, बड़ी हवेली की छोटी ठकुराइन और साजन घर जैसे लोकप्रिय दैनिक धारावाहिकों में मुख्य व समानांतर मुख्य भूमिकाएं निभाकर देशभर में अपनी पहचान बनाई है। आर्यन एक अच्छे लेखक भी हैं। निर्देशक के रूप में भी उनकी फिल्मों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना बटोरी है। आर्यन हरनोट ने कहा कि यह सम्मान प्रदेश और उन सभी लोगों का है जिन्होंने मेरी यात्रा में विश्वास रखा।