सावड़ा कुडडू परियोजना की डैम साइट के साथ चामशू के लिए बनाई सड़क का एक किलोमीटर हिस्सा डैम में समा गया। इससे नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाना बागवानों के लिए चुनौती बन गया है। उधर, जलस्तर बढ़ने से कांगड़ा जिले में पौंग बाध के गेट खोलने पड़े। वहीं, हिमाचल पथ परिवहन निगम ने कुल्लू से लंबे रूटों पर बस सेवा शुरू कर दी है।
एक सप्ताह बाद मनाली-चंडीगढ़ और कुल्लू-मंडी हाईवे खुलने के बाद कुल्लू से दिल्ली, पठानकोट, धर्मशाला और शिमला के लिए बस संचालन शुरू कर दिया। इस संबंध में निगम के मंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि स्थानीय रूटों के अलावा निगम ने लंबे रूटों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया है। हालांकि बारिश के चलते एनएच मंडी-कुल्लू कुछ देर के लिए छह मील के पास बंद रहा।
जिला कुल्लू में आई आपदा के एक सप्ताह भी हालात सामान्य नहीं हुए। बंजार, सैंज और पार्वती घाटी की पंचायतों में कई कंपनियों की दूरसंचार सेवाएं ठप हैं। दारचा-शिकुंला मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद है।
पांगी-किलाड़ राजमार्ग भी तिंदी तक ही खुला है। ग्रांफू से काजा मार्ग अभी बंद है। कुल्लू की चंसारी पंचायत में भूस्खलन से स्कूल का दोमंजिला भवन क्षतिग्रस्त हो गया और सात घरों को भी नुकसान हुआ है।
ब्यास नदी में जलमग्न हुए पंचवक्त्र मंदिर में सोमवार से पूजा शुरू हो जाएगी। श्रद्धालु भी मंदिर आ सकेंगे। रविवार सुबह हुई बारिश से मंडी के सराज, नाचन, पधर, जोगिंद्रनगर, लडभड़ोल, सरकाघाट, बल्ह और सुंदरनगर में भारी बारिश के चलते नुकसान हुआ है।
संधोल की कून पंचायत में मकान का डंगा और शौचालय गिर गया। जोगिंद्रनगर के आरठी गांव में शनिवार आधी रात को कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने मकान के अंदर रह रहे बुजुर्ग को दूसरे मकान में शिफ्ट कर उनकी जान बचाई।
हिमाचल में आज ऑरेंज और अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद मंगलवार से अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट रहेगा। 17 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट के बीच एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी।
वहीं, दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में 17 जुलाई के लिए भी अवकाश घोषित किया गया है। किन्नौर जिला के अलावा चंबा जिला के पांगी और भरमौर में भी अवकाश रहेगा। इनके अलावा सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों के स्कूल अपने स्तर पर निर्णय लेंगे।