हिमाचल में बिगड़ सकता है मौसम।
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हिमाचल प्रदेश में शनिवार से मौसम फिर बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कई भागों में 13 से 16 मई तक बारिश की संभावना है। वहीं, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी भी हो सकती है। इस दौरान मैदानी व मध्य पर्वतीय कुछ भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। शनिवार को मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम साफ रहने की संभावना है। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश, बर्फबारी हो सकती है। शुक्रवार को प्रदेश भर में धूप खिली। ऊना में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के 13 क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। मौसम साफ होते ही मैदानी जिलों में गर्मी बढ़ने से दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में पारा चढ़ने से सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक कम हो गई है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 16.6, सुंदरनगर 13.1, भुंतर 10.5, कल्पा 6.5, धर्मशाला 18.4, ऊना 16.0, नाहन 17.5, केलांग 2.6, पालमपुर 16.5, सोलन 12.0, कांगड़ा 16.2, मंडी 14.6, बिलासपुर 15.0, हमीरपुर 13.7, चंबा 14.0, डलहौजी 14.3, जुब्बड़हट्टी 15.0, कुफरी 13.1, कुकुमसेरी 3.5, नारकंडा 10.0, भरमौर 10.0, रिकांगपिओ 9.8, सेऊबाग 8.5, धौलाकुआं 15.6, बरठीं 12.9, मशोबरा 14.1, पांवटा साहिब 20.0, सराहन 11.0 और देहरागोपीपुर में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अधिकतम तापमान
अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
ऊना 39.5
धौलाकुआं 38.1
हमीरपुर 35.9
बिलासपुर 35.6
चंबा 34.6
मंडी 34.4
कांगड़ा 34.2
नाहन 34.1
सुंदरनगर 33.9
भुंतर 32.5
सेऊबाग 30.9
धर्मशाला 30.2
शिमला 25.6