जलोड़ी दर्रा की बहाली का कार्य।
- फोटो : संवाद
ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर 21 जनवरी से हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से मंगलवार दोपहर को जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ भागों में 18 से 21 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी की संभावना है। वहीं, मैदानी भागों में 20 जनवरी तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। जबकि 22 जनवरी को प्रदेश में भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर, प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के रोहतांग दर्रा, कुंजुम दर्रा तथा बारालाचा समेत ऊंची चोटियों पर सोमवार रात से ताजा बर्फबारी हुई है। जिससे सोलंगनाला से आगे लाहौल के सिस्सू तक वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। लाहौल घाटी में दो से पांच सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं, लाहौल में हिमस्खलन की भी चेतावनी जारी की गई है।
27 पेयजल योजनाएं प्रभावित
मंगलवार शाम तक प्रदेश में 131 सड़कें, 27 पेयजल योजनाएं और 8 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। मैदानी जिलों में धुंध छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजधानी शिमला में मंगलवार को धूप खिली रही। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में दोपहर तक धुंध छाई रही। लाहौल-स्पीति जिला में सबसे अधिक 115 सड़कें अभी भी बंद हैं। मंगलवार को सोलन जिले में अधिकतम तापमान 22, बिलासपुर 21.5, हमीरपुर 19, भुंतर 22.4, धर्मशाला 20, शिमला 15.3, चंबा 19.8, नाहन 10.8, कांगड़ा 16.8 कल्पा 10.6 और केलांग में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग -7.2
कल्पा - 2.5
कुफरी 1.0
मनाली 2.0
सोलन 4.0
सुंदरनगर 3.5
शिमला 5.5
धर्मशाला 6.2
भुंतर 4.9
ऊना 5.8
नाहन 6.7
पालमपुर 5.5
सोलन 4.0
कांगड़ा 6.0
मंडी 4.6
बिलासपुर 8.0
हमीरपुर 7.6
चंबा 5.1
डलहौजी 5.0
कुफरी 1.0
जुब्बड़हट्टी 6.9
पांवटा साहिब 9.1
आज का मौसम बुलेटिन