पर्यटन स्थल छितकुल में बर्फबारी।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में आए बदलाव से मंगलवार को कुल्लू, लाहौल, मंडी, चंबा और किन्नौर जिला में भारी बर्फबारी हुई है। शिमला के कुफरी और मनाली शहर में नए साल का पहला हिमपात हुआ है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश भर के अधिकांश क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। प्रदेश में बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट है। शिमला शहर में भी बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। नौ जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
नौ जनवरी तक दो पश्चिमी विक्षोभ रहेंगे सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि नौ जनवरी तक प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। येलो अलर्ट के बीच 5 और 6 जनवरी को कई क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। उधर, सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के न्यूनतम पारे में मंगलवार सुबह आठ बजे तक अधिक कमी दर्ज नहीं हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान में सामान्य से छह डिग्री की कमी दर्ज हुई। केलांग का अधिकतम तापमान भी माइनस 1.5, कल्पा में 2.9, डलहौजी में 3.1, कुफरी में 5.1, शिमला में 9.3 और धर्मशाला में 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
क्षेत्र बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
रोहतांग दर्रा 60
पांगी 45
सिस्सू 30
उदयपुर 25
केलांग 20
क्षेत्र बारिश (मिलीमीटर में)
भुंतर 26
मनाली 16
डलहौजी 14
कल्पा 12
सुंदरनगर 11
शिमला 10
धर्मशाला 6