हिमाचल प्रदेश में अटल टनल, रोहतांग समेत प्रदेश की अन्य ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। सोमवार दोपहर बाद अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल के साथ पूरी घाटी में रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। चंबा के भरमौर, चुराह और किन्नौर की चोटियों पर भी हिमपात हुआ है। पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। वहीं, बर्फबारी शुरू होने के बाद पुलिस ने लाहौल के सिस्सू व कोकसर घूमने गए सैलानियों को वापस मनाली भेजा। क्रिसमस के लिए मनाली पहुंचे हजारों सैलानी बर्फ देखने के लिए अटल टनल रोहतांग होकर लाहौल पहुंचे थे।
लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और बर्फबारी शुरू हो गई। अधिक बर्फबारी होने की आशंका को देखते हुए मनाली पुलिस ने शाम 4:00 बजे के बाद सोलंगनाला से आगे पर्यटकों के वाहनों को नहीं जाने दिया। लाहौल की ओर सिर्फ स्थानीय लोगों के वाहनों को ही जाने दिया गया। मैदानी जिलों में धुंध पड़ने का सिलसिला जारी है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। सोमवार को राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। रविवार रात को केलांग और कल्पा का न्यूनतम पारा माइनस में दर्ज हुआ है।
29-30 दिसंबर को फिर बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के सभी भागों में 28 दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। 29 और 30 दिसंबर को प्रदेश के कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इसके बाद मौसम साफ रहने के आसार हैं।
कहां कितना तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
कुकुमसेरी 3.4 - 5.2
केलांग 0.5 - 5.1
कल्पा 8.2 - 1.4
मंडी 17.4 0.5
मनाली 8.0 1.0
ऊना 23.2 2.0
सोलन 20.5 2.7
हमीरपुर 20.8 2.6
शिमला 14.9 3.5
धर्मशाला 18.0 5.4