हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच मंगलवार को रोहतांग, बारालाचा और कुंजुम दर्रा में ताजा बर्फबारी हुई। लद्दाख की जंस्कार घाटी को जोड़ने वाला दारचा-शिंकुला-जंस्कार मार्ग बर्फबारी से बंद हो गया है। प्रदेश में शिमला समेत कई जगह बारिश हुई। उधर, भारी बारिश से चौपाल की 40 पंचायतों में बिजली गुल हो गई। मंगलवार शाम तक प्रदेश में 15 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। कांगड़ा में खेतों में पक कर तैयार गेहूं की फसल बारिश से भीगने के चलते किसान चिंतित हो गए हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश में मई में भी जनवरी जैसी ठंड पड़ रही है।
अधिकतम तापमान में 10 डिग्री की गिरावट
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने से अधिकतम तापमान में 10 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। शिमला में दिन भर रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा, धर्मशाला, ऊना, नाहन, सोलन, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, डलहौजी, कुफरी और नारकंडा में भी बारिश हुई। बारिश और बर्फबारी के चलते बागवानों को सबसे अधिक नुकसान हो रहा है। सेब सहित कई अन्य फलों की सेटिंग बारिश के चलते खराब हो गई है। जिला कांगड़ा में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। खेतों में पक कर कटने को तैयार गेहूं की फसल बारिश से भीग गई है।
कालका-शिमला एनएच पर पत्थर गिरने का अलर्ट
भारी बारिश के चलते कालका-शिमला नेशनल हाईवे (एनएच) पर पहाड़ी से पत्थर गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। एनएच के कई क्षेत्रों में पहाड़ी से पत्थर गिरने की आशंका रहती है। इस कारण कई जगह यातायात वन वे किया गया है।
सूखे और बारिश से ऊना में नुकसान
सूखे और बेमौसमी बारिश से ऊना जिले में 26.59 करोड़ रुपये की फसलों का नुकसान हुआ है। जिले में करीब 35,000 हेक्टेयर पर गेहूं की फसल रोपी थी। इसमें से करीब 10,000 हेक्टेयर क्षेत्र बारिश से प्रभावित हुआ। प्रभावित क्षेत्र में 11,000 मीट्रिक टन गेहूं उत्पादन का नुकसान पहुंचा है।
बारिश से खेतों में कटी हुई गेहूं की फसल भीगी
सिरमौर जिले में बारिश से खेतों में कटी हुई गेहूं की फसल भीग गई है। गेहूं की थ्रेशिंग भी रुक गई है। मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। किसानों के अनुसार लगातार बारिश से मंडियों में उपज पहुंचने में देरी होगी। नमी से गेहूं के सड़ने का भी खतरा पैदा हो गया है।
8 मई तक मौसम खराब रहने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 8 मई तक मौसम खराब रहने के संभावना है। 5 को प्रदेश में एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान जोगिंद्रनगर में 47, कोठी 26, मनाली 24, पच्छाद 23, संगड़ाह 22, चौपाल 21, खदराला18, रेणुका 16, कसौली 15, अर्की 14, धर्मपुर-बैजनाथ 13, कल्पा 12, कंडाघाट, सोलन और रोहड़ू 11-11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6, सुंदरनगर 14.6, भुंतर 13.3, कल्पा 6.0, धर्मशाला 12.2, ऊना 15.4, नाहन 14.1, केलांग 3.1, पालमपुर 11.5, सोलन 10.7, मनाली 7.8, कांगड़ा 16.0, मंडी 15.1, बिलासपुर 17.5, हमीरपुर 16.7, चंबा 15.8, डलहौली 8.6, जुब्बड़हट्टी 11.7, कुफरी 6.4, कुकुमसेरी 5.7, नारकंडा 4.9, भरमौर 12.0, रिकांगपिओ 9.5, सेऊबाग 11.6, धौलाकुआं 18.0 , बरठी 17.1, मशोबरा 8.1, पांवटा साहिब 18.0, सराहन 10.0 और देहरागोपीपुर में 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान
शिमला में अधिकतम तापमान 12.4 , सुंदरनगर 20.1, भुंतर 19.0, कल्पा 12.8, धर्मशाला 17.2, ऊना 22.2, नाहन 23.7, केलांग 10.9, सोलन 20.0, कांगड़ा 19.9, मंडी 19.8, बिलासपुर 24.0, हमीरपुर 21.1, चंबा 20.3, डलहौजी 11.6, जुब्बड़हट्टी 16.2, कुफरी 9.5, कुकुमसेरी 13.7, नारकंडा 8.8, रिकांगपिओ 17.6, धौलाकुआं 24.7, बरठीं 21.4 और सेऊबाग में 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।