हरियाणा के पंचकूला की कालका तहसील के बजीर द्दीन नाम के व्यक्ति ने नालागढ़ के मझौली गांव के बली मोहम्मद के प्रमाणपत्रों के आधार पर हिमाचल में नौकरी हासिल कर ली। बजीर द्दीन ने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ प्राधिकरण (बीबीएनडीए) में बतौर चौकीदारी 2007 से 2022 तक नौकरी की। चौकीदार रखने के लिए बीबीएनडीए के तत्कालीन सीईओ के नेतृत्व में चार सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया।
बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति के प्रमाण पत्र आवेदन में लगाए गए हैं, वह गांव का नंबरदार भी है। बजीर द्दीन को जैसे ही विजिलेंस की जांच का पता चला तो उसने कार्रवाई होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया। उधर, विजिलेंस एसपी अंजुम आरा ने बताया कि हरियाणा के बजीर द्दीन ने हिमाचल के मझौली निवासी बली मोहम्मद के कागजात पर फर्जी तरीके से चौकीदार की नौकरी की।
चयन कमेटी ने उसे सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नौकरी पर रखी। जब इसकी जांच शुरू की तो चौकीदार को इसकी भनक लग गई और उसने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। विभाग बीबीएनडीए से बजीर द्दीन का सर्विस रिकॉर्ड मांगा है।