हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। तकनीकी विवि और इससे संबद्ध सरकारी / निजी शिक्षण संस्थानों में बीटेक, बीफार्मेसी, एमटेक, एमबीए, एमसीए, बीआर्क सहित अन्य विषयों की काउंसलिंग के लिए आवेदन मांग गए हैं। पात्र अभ्यर्थी 27 जून तक काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं। तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. जयदेव ने बताया कि नए सत्र में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसके लिए पहले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने होंगे। बीटेक (लेटरल व डायरेक्ट एंट्री), बी-फार्मेसी (लेटरल व डायरेक्ट एंट्री), बी आर्क, एमबीए, एमबीए पर्यटन, एमसीए, एमटेक, एम फार्मेसी में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को काउंसलिंग फार्म ऑनलाइन भरना होगा। सभी स्नातक व स्नातकोत्तर विषय में प्रवेश के लिए पात्रता संबंधित जानकारी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिन अभ्यर्थियों ने तकनीकी विवि की प्रवेश परीक्षा (कॉमन एंट्रेंस टेस्ट) दी है, उन्हें भी काउंसलिंग के लिए आवेदन करना होगा। बीटेक में डायरेक्ट एंट्री के लिए जेईई मेन परीक्षा देने वाले को भी काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।