हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने गुरुवार को शास्त्री पोस्ट कोड 813 के 603 पदों के लिए ली गई परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इनमें से 582 पदों पर अभ्यर्थी चयनित होकर शास्त्री बने हैं। जबकि, 12 पदों के लिए पात्र अभ्यर्थी न मिलने से यह खाली रह गए हैं और नौ पद उच्च न्यायालय के दिशानिर्देशों अनुसार खाली रखे गए हैं। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने कहा कि 603 पदों के लिए 5525 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 5326 पात्र पाए गए। 20 दिसंबर 2020 को हुई लिखित परीक्षा 4817 अभ्यर्थियों ने दी। जबकि 509 अनुपस्थित रहे। लिखित परीक्षा 1816 ने उत्तीर्ण की। एक से 22 जून 2021 को हुई मूल्यांकन परीक्षा में इन 1816 में से 581 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
सरकारी स्कूलों को मिले 213 वाणिज्य प्रवक्ता
उधर, प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 213 वाणिज्य प्रवक्ताओं स्कूल न्यू को नियुक्तियां दे दी गई हैं। लोकसेवा आयोग की ओर से परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद वीरवार को उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रवक्ताओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए। अनुबंध आधार पर नियुक्त प्रवक्ताओं को 14500 रुपये का प्रतिमाह वेतन मिलेगा। शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रवक्ताओं को 15 दिनों के भीतर पद ग्रहण करने के आदेश दिए हैं।