देवभूमि हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को धनतेरस के दिन आए उपचुनावों के नतीजों से कांग्रेस की दिवाली हो गई है। बड़ा उलटफेर करते हुए कांग्रेस ने मंडी संसदीय सीट समेत अर्की, जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर विधानसभा सीटों पर जीत का चौका लगाया है। पहली बार इतने बड़े उपचुनाव में सत्ता में रहते हुए भाजपा चारों सीटें हार गई है। जुब्बल-कोटखाई में तो भाजपा प्रत्याशी नीलम सरैईक जमानत तक नहीं बचा पाई हैं। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे उपचुनाव के नतीजों ने भाजपा नेताओं की बेचैनी बढ़ा दी है। वहीं, कांग्रेस को इन नतीजों से संजीवनी मिल गई है।
भितरघात, महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दे इतने हावी हो गए कि जगह-जगह 68 चुनावी जनसभाएं करने के बावजूद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गृह लोकसभा क्षेत्र मंडी की सीट को भी नहीं बचा पाए। इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने 369565 मतों के साथ जीत दर्ज की है। निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के ब्रिगेडियर कुशाल चंद ठाकुर को 362075 वोट पड़े। कुल सत्रह विधानसभा सीटों में से नौ पर कांग्रेस का पंजा बुलंद रहा जबकि आठ सीटें ही भाजपा की झोली में आईं। 12661 लोगों ने प्रत्याशियों की बजाय यहां नोटा के बटन दबाकर अपनी असंतुष्टि जाहिर की। यह सीट भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन से खाली हुई थी।
वीरभद्र के गढ़ ने आसान की प्रतिभा की जीत
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के गढ़ रहे रामपुर और जनजातीय क्षेत्रों से प्रतिभा सिंह को मिली बढ़त ने कांग्रेस की जीत की राह आसान कर दी। रामपुर के लोगों ने बंपर वोटिंग करते हुए प्रतिभा सिंह को 20000 मतों की बढ़त देकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सराज से भाजपा को मिली लीड को न्यूट्रलाइज कर दिया। किन्नौर जिले से करीब 5000, लाहौल स्पीति से 2100 और भरमौर से कांग्रेस को 4100 की लीड मिली। बाकी की कसर कुल्लू जिले के कुल्लू, मनाली, बंजार और आनी विधानसभा क्षेत्र ने पूरी कर दी। यहां से कांग्रेस को चौदह हजार से ज्यादा की बढ़त मिली है।
14661 लोगों ने दबाया नोटा का बटन
उपचुनाव में चारों सीटों पर कुल 753566 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें से 14661 ने नोटा दबाया और 1295 वोट अस्वीकार हुए।
मंडी लोकसभा क्षेत्र (जीत का अंतर 7490 वोट)
प्रतिभा सिंह कांग्रेस 369565
ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर भाजपा 362075
नोटा --- 12661
अर्की विधानसभा क्षेत्र (जीत का अंतर 3219 वोट)
संजय कांग्रेस 30798
रत्तन सिंह पाल भाजपा 27579
नोटा --- 1626
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र (जीत का अंतर 5789 वोट)
भवानी सिंह पठानिया कांग्रेस 24449
बलदेव ठाकुर भाजपा 18660
डॉ राजन सुशांत निर्दलीय 12927
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र (जीत का अंतर 6293 वोट)
रोहित ठाकुर कांग्रेस 29955
नीलम सरैईक भाजपा 2644
चेतन सिंह बरागटा निर्दलीय 23662