समुद्रतल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे का जल्द ही सैलानी दीदार कर सकेंगे। सीमा सड़क संगठन ने बर्फ हटाने का कार्य पूरा करने के बाद प्रशासन ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। रविवार को प्रशासन और बीआरओ ने संयुक्त रूप से मनाली-रोहतांग-सड़क का निरीक्षण किया। इसके बाद परिस्थितियां अनुकूल पाए जाने पर सैलानियों को भेजने का निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन इसकी रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त को भेजेगा।
गौर हो कि रोहतांग दर्रा देश-विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद है। रोहतांग खुलने का पर्यटक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं लेकिन इस साल बर्फ अधिक होने के कारण रोहतांग मार्ग से बर्फ हटाने के लिए अधिक समय लगा। बीआरओ की लाहौल और मनाली की ओर से बर्फ हटाने में जुटी टीम रोहतांग में मिल गई है। सड़क एकतरफा खुल गई है। संकरी सड़क और रोहतांग दर्रा में पार्किंग क्षेत्र से बर्फ हटाने का कार्य जारी है। रविवार को एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा, डीएसपी केडी शर्मा ने बीआरओ के अधिकारियों के साथ सड़क का निरीक्षण किया।
पार्किंग से बर्फ हटाने का चल रहा काम
अधिकारियों की माने तो अभी रोहतांग में पार्किंग नहीं बन पाई है। पार्किंग से बर्फ हटाने का कार्य जारी है। सड़क भी कई स्थानों पर एकतरफा ही खुल पाई है। रविवार को सैलानियों की पसंदीदा सैरगाह रोहतांग का निरीक्षण किया गया। इसकी रिपोर्ट आलाधिकारियों को भेजी जाएगी। उसके बाद ही दर्रा खोलने के बारे कोई निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पर्यटकों को राहनीनाला तक भेजा जा रहा है। - केडी शर्मा, डीएसपी मनाली