बैठक के लिए जाते सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सुधीर शर्मा और मुकेश अग्निहोत्री को कार्यकर्ताओं ने कंधों पर उठा लिया।
- फोटो : अमर उजाला
वीरवार को विधानसभा चुनाव के नतीजे जारी होने के बाद कांग्रेस विधायकों को चंडीगढ़ बुला लिया गया था। अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से वीरवार शाम को कई विधायक चंडीगढ़ की राह पर निकल गए थे। रात करीब 8:30 बजे चंडीगढ़ में प्रस्तावित बैठक को रद्द कर शुक्रवार दोपहर बाद शिमला में करने का फैसला लिया गया।
इस कारण कई विधायक चंडीगढ़ नहीं गए। शुक्रवार सुबह ही वे अपने हलकों से शिमला के लिए रवाना हुए। जो विधायक बीच राह में पहुंच गए थे, वो देर रात को चंडीगढ़ पहुंचे। शुक्रवार सुबह कई विधायकों ने शिमला के लिए निकलने से पहले विधायक दल की बैठक को लेकर चंडीगढ़ में ही रणनीति बनाई। यह विधायक कुछ देर से शिमला पहुंचे। उधर, सुक्खू समर्थक विधायक शिमला पहुंचते ही होटल हिमलैंड गए। यहां पहले से मौजूद सुक्खू के साथ रात करीब 7:30 बजे तक मंत्रणा की गई।
7:45 बजे सुक्खू समर्थक विधायकों का प्रदेश मुख्यालय में पहुंचना शुरू हुआ। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के निजी आवास हॉलीलॉज में सुबह से ही कई विधायकों के हाजिरी भरने का दौर जारी रहा। कुछ विधायकों ने सुक्खू और प्रतिभा के पास जाने के बजाए सिसिल होटल में जाकर सीधे पर्यवेक्षकों से ही मुलाकात की।