मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने कहा है कि कांग्रेस सरकारें हमेशा इस पक्ष में रही हैं कि हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा दिलाया जाना चाहिए। यहां तक कि पहली बार इस संबंध में पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रस्ताव तैयार किया गया। यही नहीं कांग्रेस ने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में भी एक अध्ययन करवाया था।
कांग्रेस हमेशा इस मामले को आगे बढ़ाने के पक्ष में रही है। हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने का विधेयक राज्यसभा में पारित होने का सरकार स्वागत करती है। भाजपा से पहले कांग्रेस ने कवायद को शुरू किया था। प्रदेश के लोग इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी और बलदेव तोमर ने कहा है कि हाटी समुदाय को 50 साल के लंबे संघर्ष के बाद केंद्र की भाजपा सरकार ने जनजातीय का दर्जा दिया। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित भाई शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप और सभी सांसदों का आभार व्यक्त किया है।
भाजपा नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, जिला सिरमौर भाजपा के नेता चौधरी सुखराम, बलदेव तोमर, रीना कश्यप, बलदेव भंडारी, जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, प्रदेश भाजपा के समस्त नेतृत्व की ओर से हाटी समुदाय के सभी लोगों और प्रदेश वासियों को इस निर्णय की बधाई दी।