हाईकोर्ट में बम निरोधक दस्ता व पुलिस तैनात।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। वीरवार सुबह हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल पर आई धमकी भरी सूचना में कहा गया कि न्यायालय परिसर में बम रखा हुआ है। हालांकि, सर्च ऑपरेशन में कोर्ट में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उधर, धर्मशाला कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरे मेल कहां से आए हैं।
सुबह करीब 11 बजे हाईकोर्ट में बम की सूचना पर बम विरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान अदालत की कार्यवाही सुचारु रूप से चलती रही। पांच घंटे चले सर्च ऑपरेशन के दौरान कोर्ट रूम, कमरों, लाइब्रेरी समेत कोने-कोने में गहनता से पड़ताल की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इस दौरान कई अधिवक्ता भी भवन के बाहर आ गए। एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि प्रदेश उच्च न्यायालय को धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद एहतियातन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला। सदर पुलिस थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। इससे पहले भी हाईकोर्ट को कई बार ईमेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।