हिमाचल विधानसभा चुनाव को लेकर आए रुझानों ने प्रदेश की जनता की अंत तक धुकधुकी बढ़ाकर रखी। छह विधानसभा सीटें परिणाम के अंत तक फंसीं रहीं। इनमें रामपुर, शिलाई, भोरंज, बिलासपुर, श्री नयनादेवी और सुजानपुर सीट शामिल है। यहां भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों की कांटे की टक्कर रही। इनमें जीत का मार्जन छह सौ से कम रहा है।
रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी नंद लाल, भाजपा प्रत्याशी कौल नेगी से 10 वें राउंड तक पीछे चलते रहे। ग्यारहवें राउंड में वह 63 वोट से आगे हुए। इसके बाद मत पत्र की गणना होने पर वह 567 वोट से विजय हो गए। इसके साथ ही शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस प्रत्याशी हर्ष वर्धन चौहान ने भाजपा प्रत्याशी बलदेव तोमर को 382 वोटों से पराजित किया। बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा और कांग्रेस पार्टी के बीच कांटे की टक्कर रही।
यहां भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक जम्वाल ने कांग्रेस प्रत्याशी बंबर ठाकुर को 276 वोटों से पराजित किया। श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच जीत का मार्जन 171 वोटों का रहा है। भाजपा प्रत्याशी रणधीर शर्मा विजयी रहे। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में राजेंद्र राणा ने रणजीत सिंह को 399 वोटों से पराजित किया है। भोरंज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश कुमार ने भाजपा प्रत्याशी अनिल धीमान को 60 वोट से पराजित किया।
हिमाचल विधानसभा चुनाव की मतगणना आठ बजे से शुरू हुई। नौ बजे तक रुझान आने शुरू हुए। भाजपा और कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी पहले से लेकर पांचवें राउंड तक 33-33 और दो निर्दलीय बढ़त बनाए हुए थे। साढ़े 12 बजे के बाद ही कांग्रेस पार्टी ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया और आंकड़ा 39 तक पहुंच गया। इसके बाद सीटों का आंकड़ा कम नहीं हुआ है।