हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार को मतदान किया जाएगा। प्रदेश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में सुबह 8:00 से शाम 5:00 बजे तक वोट डाले जाएंगे। 8 दिसंबर को चुनाव नतीजे घोषित होंगे। मतदाता चुनावी मैदान में उतरे भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), माकपा, बसपा और निर्दलीय समेत 412 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। प्रदेश में कुल 55,92,828 मतदाताओं में से 28,54,945 पुरुष, 27,37,845 महिलाएं और 38 थर्ड जेंडर हैं।
चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांग्रेस चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री समेत कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। मतदान के दौरान 142 बूथ महिलाओं और 37 दिव्यांग कर्मियों के हवाले होंगे। प्रदेश भर में 136 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
इस सियासी जंग में भाजपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तर्ज पर सरकारें बदल जाने का रिवाज बदलने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है तो कांग्रेस सत्ता में लौटने का प्रयास कर रही है। गौर हो कि प्रदेश में वर्ष 1990 के बाद कोई भी सरकार रिपीट नहीं हो पाई है। इस मिथक को तोड़ने के लिए भाजपा केंद्र और राज्य सरकार के डबल इंजन की ताकत से रिवाज बदलने के नारे के साथ चुनाव लड़ रही है।
कांग्रेस जवाब में रिवाज के बजाय सरकार बदलने के एलान के साथ चुनावी रण में उतरी है। शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए प्रदेश के चप्पे-चप्पे पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ ) की तैनाती कई गई है। सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा 35 हजार केंद्रीय सुरक्षा बल और पुलिस जवानों पर रहेगा।
देश के पहले मतदाता श्याम सरण नेगी ने निधन से पहले की थी शत-प्रतिशत मतदान की अपील
ऐसा पहली बार होगा कि आजाद भारत के पहले मतदाता श्याम सरण नेगी विधानसभा चुनाव के दौरान मौजूद नहीं होंगे। उनका 5 नवंबर को देहांत हो गया था। निधन से दो दिन पहले नेगी ने अपने घर से मतपत्र से वोट डाला था। उन्होंने प्रदेश के मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान की अपील की थी।
प्रदेश में आज साफ रहेगा मौसम, कई इलाके बर्फ से लकदक
चुनाव के दिन हिमाचल प्रदेश में मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि राज्य के कई उच्च पर्वतीय इलाके बर्फ से लकदक हैं। इन क्षेत्रों में लोगों को मतदान करने में परेशानी हो सकती है।
किस पार्टी से कितने उम्मीदवार
कांग्रेस 68
भाजपा 68
आप 67
बसपा 53
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी 29
माकपा 11
हिमाचल जनक्रांति 6
हिंदू समाज पार्टी 3
स्वाभिमान पार्टी 3
भाकपा 1
हिमाचल जनता पार्टी 1
भारतीय वीर दल 1
सैनिक समाज पार्टी 1
राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी 1
निर्दलीय 99