प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह के राजधानी शिमला स्थित सरकारी आवास विधायक सदन मेट्रोपोल के कमरा नंबर 603 में रविवार देर रात तक कांग्रेस नेताओं का मंथन चला। इस दौरान सुक्खू से मिलने कई विधानसभा क्षेत्रों से समर्थक पहुंचे। जिला शिमला से कांग्रेस से बागी हुए एक निर्दलीय प्रत्याशी ने भी देर रात को सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान आठ दिसंबर को नतीजे घोषित होने के बाद सरकार बनाने को लेकर रणनीति बनाई गई। सोमवार सुबह सुखविंद्र सुक्खू शिमला से वापस नादौन लौटे।
प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत आने को लेकर आश्वस्त हैं। ऐसे में अब इन नेताओं ने नई सरकार के गठन को लेकर गठजोड़ करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के जीतकर आने वाले संभावित प्रत्याशियों से सभी बड़े नेता संपर्क करने में जुटे हैं। इसी कड़ी में दो दिनों के लिए शिमला आए सुक्खू ने कई कांग्रेस प्रत्याशियों और नेताओं से मुलाकात कर राजनीतिक हलचलें बढ़ा दी हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सुक्खू के सरकारी आवास में हुई बैठक के दौरान कई प्रत्याशियों से फोन पर संपर्क कर उनका फीडबैक लिया गया। कुछ निर्दलियों से भी इस दौरान बातचीत हुई।