मतगणना संबंधी सूचना एवं शिकायतें प्राप्त करने के लिए स्थापित होगी प्रणाली
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में मतगणना संबंधी सूचना एवं शिकायतें प्राप्त करने के लिए एक प्रणाली स्थापित की जाएगी। साथ ही मतगणना शुरू होने के 72 घंटे पहले हेल्पलाइन नंबर 1950 चालू रहेगा। यह बात सोमवार को सीईओ मनीष गर्ग ने कही। उन्होंने कहा कि चुनाव विभाग सूचना के सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित करेगा, जिसके लिए प्रत्येक मतगणना केंद्र पर एक संचार कक्ष स्थापित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) सूचना के प्रसार के लिए विभिन्न जिलों में स्थापित मतगणना केंद्रों पर सुचारू संचार सुविधा सुनिश्चित करेंगे। मतगणना के रुझानों की जानकारी नई मीडिया पहल जैसे वेब पोर्टल, एप्लिकेशन जैसे वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से उपलब्ध होगी जो गूगल प्ले स्टोर और www.results.eci.gov.in पर उपलब्ध है। हिमाचल के नतीजों का यह लिंक मतगणना के दिन यानी 8 दिसंबर, 2022 को सक्रिय हो जाएगा। उन्होंने मीडियाकर्मियों से अपील की कि वे मतगणना केंद्र में प्रवेश करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी वैध दस्तावेज जैसे मीडिया पास अपने साथ रखें। ड्यूटी पर तैनात अधिकारी मीडिया कर्मियों को कम संख्या में मतगणना कक्षों में जाने के लिए अनुरक्षित करेंगे।
प्रत्येक मतगणना केंद्र में 50 अधिकारी और कर्मचारी रहेंगे तैनात
प्रत्येक मतगणना केंद्र में 50 अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। एक मतगणना केंद्र में 10 से 15 मतगणना टेबल लगाए जाएंगे। एक मतगणना टेबल में मतगणना सुपरवाइजर और एक सहायक की तैनाती रहेगी। इनके अलावा मौके पर प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंट भी मौजूद रहेंगे। नतीजे घोषित होने के बाद रिटर्निंग आफिसर प्रत्याशियों के एजेंटों के हस्ताक्षर भी कराएंगे, ताकि किसी भी विवाद से बचा जा सके। जिला चुनाव अधिकारी मतगणना कें द्रों में स्टैंड वाई स्टाफ भी चुनाव ड्यूटी में रखेंगे।
मतगणना के समय पांच ईवीएम की वीवीपैट जांचेंगे
प्रत्येक केंद्र में मतगणना के समय पांच ईवीएम की वीवीपैट पर्चियों की जांच होगी। इस दौरान चुनाव अधिकारी और संबंधित क्षेत्र का चुनाव पर्यवेक्षक मौजूद रहेगा। ये पर्यवेक्षक वीवीपैट की पर्चियों की जांच के लिए मशीनों का रेंडम चयन करेंगे।