फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Pradesh: शिमला में बर्फबारी, जाखू में सैलानियों ने की मस्ती, कई क्षेत्रों में सुबह ठप रही आवाजाही

Sat, 14 Jan 2023 07:04 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

सैलानियों की आवाजाही को देखते हुए नगर निगम ने जाखू मंदिर के पैदल रास्ते से सुबह 9:00 बजे से पहले ही बर्फ साफ करवा दी। इस रास्ते से सैकड़ों सैलानी बर्फबारी देखने रिज से जाखू रवाना हुए।
विज्ञापन
शिमला में बर्फबारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बर्फबारी के चलते शिमला शहर के कई इलाकों में शनिवार सुबह वाहनों की आवाजाही बंद रही। जाखू, बैनमोर, लक्कड़ बाजार क्षेत्र में सड़कों पर फिसलन होने के कारण सुबह 10:00 बजे तक आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि, नगर निगम की टीमों ने भी सुबह 5:00 बजे से ही मोर्चा संभाल लिया। सबसे पहले रिज आईजीएमसी संजौली और केएनएच सड़क से जेसीबी से बर्फ हटाई गई। इसके बाद जाखू और बैनमोर सड़क से भी रोबोट के जरिये बर्फ हटाई गई।

विज्ञापन


कई जगह सड़क पर रेत और मिट्टी बिछाकर आवाजाही को सुचारु किया गया। हालांकि, पेड़ों से बर्फ गिरने के कारण जाखू में कुछेक संपर्क सड़कों पर आवाजाही बाधित रही। यहां सुबह 11:00 बजे के बाद ही आवाजाही सामान्य हो पाई। शहर में सैलानियों की आवाजाही को देखते हुए नगर निगम ने जाखू मंदिर के पैदल रास्ते से सुबह 9:00 बजे से पहले ही बर्फ साफ करवा दी। इस रास्ते से सैकड़ों सैलानी बर्फबारी देखने रिज से जाखू रवाना हुए।

यहां सैलानियों ने बर्फबारी के बीच जमकर मस्ती की। बाकी पैदल रास्तों से भी सुबह ही मजदूरों ने बर्फ हटवा दी। उधर, शहर के सर्कुलर रोड और इससे नीचे के इलाकों में बर्फबारी न होने से आवाजाही सामान्य रही। नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजेश ठाकुर ने बताया कि सुबह ही मशीनरी और मजदूर बर्फ हटाने के काम में जुट गए थे। सुबह ही सभी सड़कें और रास्ते बहाल कर दिए गए हैं।
विज्ञापन


ताजा बर्फबारी से एचआरटीसी के 96 रूट फेल, रात को फिसलन का खतरा
ताजा बर्फबारी से कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर और देहा में शनिवार को सड़कें बंद होने के कारण वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह हुए हिमपात के बाद शिमला-ठियोग राष्ट्रीय राजमार्ग, ठियोग-रामपुर और ठियोग रोहड़ू राजमार्ग दोपहर एक बजे बहाल हुआ। सुबह के समय सड़कें बंद होने से शुक्रवार को एचआरटीसी के करीब 96 रूट फेल हुए।

कुफरी के मुकाबले नारकंडा में अधिक बर्फबारी होने से सड़क बहाली के काम में अधिक समय लगा।  राष्ट्रीय राजमार्ग 05 पर शिमला और ठियोग के बीच सुबह 11 बजे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। हालांकि दोपहर के समय धूप खिलने के बाद सड़क बहाल करने के काम में तेजी आई। फागू और कुफरी के बीच सड़क पर रेत मिट्टी डालने के बाद वाहनों की आवाजाही बहाल हुई। दोपहर बाद अधिकांश मुख्य सड़कें बहाल हो गईं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्ग अभी भी बंद हैं।

शनिवार सुबह शिमला से रामपुर और रिकांगपिओ के लिए बसें वाया बसंतपुर चलाई गईं, लेकिन दोपहर बाद बसें वाया नारकंडा भेजी गईं। रात्रि बस सेवा वाया बसंतपुर चलाने के निर्देश दिए गए हैं। एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक शिमला विनोद ठाकुर ने बताया कि शनिवार सुबह कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर सड़क बंद थी। इसलिए बसों का संचालन प्रभावित हुआ लेकिन दोपहर बाद सड़कें बहाल होने के बाद अधिकतर रूट बहाल कर दिए गए। रविवार को बसों का संचालन सड़कों की स्थिति पर निर्भर करेगा।

4 वाहनों में फंसे 15 लोग किए रेस्क्यू
ठियोग-चौपाल सड़क देहा चंबी खिड़की के बीच अवरुद्ध है और वाहन चलाने के लिए सुरक्षित नहीं है। शनिवार को इस सड़क पर 4 वाहन बर्फ में फंस गए, जिनमें 15 लोग सवार थे। इन वाहनों को पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की मदद से निकाला गया। 

पुलिस ने दी रात को यात्रा न करने की सलाह
शिमला पुलिस ने कुफरी, फागू, नारकंडा, खड़ापत्थर सहित बर्फबारी से प्रभावित अन्य सड़कों पर रात के समय सफर न करने की सलाह दी है। रात के समय तापमान गिरने पर सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। अत्यधिक आवश्यक होने पर गाड़ी सावधानी से चलाने की सलाह दी गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें