शिमला। बारिश और बर्फबारी ने किसानों तथा बागवानों की चिंता भी बढ़ा दी है। कई क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और ओलावृष्टि से सेब के बगीचों में लगाए नेट टूट गए और सेब के फूल झड़ गए हैं। इससे सेब और अन्य की फसलों को नुकसान पहुंचा है। चौपाल, कोटखाई, बाघी, नारकंडा, कुफरी इत्यादि क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। इसके अलावा ननखड़ी, रोहड़ू, कुमारसैन में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। किसान रमन थारटा ने कहा कि जिले में ओलावृष्टि और बर्फबारी से सेब की फसल को बहुत नुकसान हुआ है। सरकार को मुआवजा देकर नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। संयुक्त किसान मंच के संयोजक हरीश चौहान ने कहा कि अप्रैल में हो रही बर्फबारी का सीधा नुकसान बागवानों को सहना पड़ रहा है। इस वर्ष मौसम की बेरुखी से स्टोन फ्रूट और सेब की फसल दोनों ही कम होने की संभावना है। वहीं बागवानी विभाग के उपनिदेशक सुदर्शना नेगी ने कहा कि जिले में बारिश और बर्फबारी से फसल को नुकसान पहुंचा है। चौपाल के क्षेत्र में ज्यादा बर्फबारी हुई है। विभाग ने नुकसान के आकलन के लिए टीमों को फील्ड में भेज दिया है।