शिमला। समरहिल क्षेत्र में सड़क किनारे जगह-जगह कचरे और मलबे के ढेर लग गए हैं। रात के समय कुछ लोग घरों से निकलने वाला मलबा और निर्माण सामग्री सड़क के किनारे फेंक रहे हैं। शनिवार को पार्षद वीरेंद्र ठाकुर की अगुवाई में क्षेत्र में सफाई अभियान भी चलाया गया। इस दौरान बालूगंज से लेकर प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर तक आसपास सफाई की गई। पार्षद के अनुसार बालूगंज-समरहिल सड़क के किनारे भारी मात्रा में अवैध डंपिंग हो रही है। इस बारे में समरहिल पुलिस चौकी में शिकायत दे दी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग हर हफ्ते सफाई अभियान चलाकर कचरा इकट्ठा कर रहे हैं तो कुछ भवन मालिक रात के समय सड़कों पर मलबे और कचरे के ढेर लगाकर गंदगी फैला रहे हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। ब्यूरो