शिमला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामी में शनिवार को स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। इसमें स्टेट आर्गन एंड टिशु ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (सोटो) की ओर से जागरूकता शिविर भी लगाया गया। सक्षम गुड़िया बोर्ड की उपाध्यक्ष रूपा शर्मा और कैलाश फेडरेशन के उपाध्यक्ष रवि मेहता समेत 30 अन्य लोगों ने इस दौरान अंगदान का शपथ पत्र भरा। सक्षम गुड़िया बोर्ड की उपाध्यक्ष रूपा शर्मा ने जागरूकता फैलाने के लिए सोटो की टीम के प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में सोटो टीम ने बताया कि लोग मृत्यु के बाद भी अंगदान करके जरूरतमंदों का जीवन बचा सकते हैं। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. सुरेखा चोपड़ा, बीएमओ डॉ. राकेश प्रताप, सोटो की आईईसी मीडिया कंसलटेंट रामेश्वरी और ट्रांसप्लांट कोआर्डिनेटर नरेश कुमार मौजूद रहे।