शिमला। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की स्पोर्ट्स एंड कल्चरल सोसायटी की तीन दिवसीय प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। अंतिम दिन पंथाघाटी स्थित शिमला क्रिकेट ग्राउंड में क्रिकेट का रोमांचक मुकाबला खेला गया। इसमें हेल्थ इलेवन मंडी ने डीएचएस-वन को पांच विकेट से हराकर जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएचएस-वन की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। टीम की ओर से डॉ. विक्रांत ने 48 गेंदों में 114 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने पांच चौके और 12 छक्के लगाए। कप्तान अजय ने 40 गेंदों में 57 रन बनाए, जबकि दिनेश राठौर ने पांच रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हेल्थ इलेवन मंडी की टीम ने 14.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 206 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से राकेश ठाकुर ने 14 गेंदों में 41 रन की तूफानी पारी खेली। दिनेश कुमार ने 13 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि प्रेम ने 18 गेंदों में 27 रन का योगदान दिया।डिंपल मंडियाल ने 18 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। विनय ने 17 और दिनेश ठाकुर ने 15 रन बनाए जबकि विनोद शर्मा छह रन बनाकर नाबाद रहे। संवाद