शिमला। लायंस क्लब शिमला की ओर से रविवार को इंदिरा गांधी खेल परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इस दौरान शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में मैक्स अस्पताल मोहाली से डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। इसमें मेडिसिन विभाग के डॉ गुरजोत, ऑर्थो विभाग के डॉ. अर्जुन और बोन मिनरल डेंसिटी टेस्ट के डॉ. शिवम शामिल ररहे। 168 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। डॉक्टरों ने बताया कि अधिकांश मरीज ऑर्थो से संबंधित समस्याओं और सामान्य रूप से रक्तचाप, शुगर से पीड़ित पाए गए। मरीजों को मुफ्त दवाइयां दी गईं। जोन चेयरपर्सन लायन मनमोहन वर्मा ने बताया कि लायंस इंटरनेशनल पूरी दुनिया में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और अन्य सामाजिक आवश्यकताओं से जुड़े क्षेत्रों में पूरी तरह से दान के आधार पर सेवा प्रदान कर रहा है। विधायक ने जनता के लाभ के लिए इस तरह की सामाजिक गतिविधियों के आयोजन में लायंस क्लब के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर लायंस क्लब शिमला के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण वैद, प्रोजेक्ट चेयरपर्सन विकास सेठ, कोषाध्यक्ष केआर शर्मा, संयुक्त सचिव दलीप शर्मा, उपाध्यक्ष एमके शर्मा, संजीव, डीवी पठानिया, लायन पीएस पंवार, अनिल सूद, सोहन सहित अन्य मौजूद रहे।